वर्ल्ड अपडेट्स:बांग्लादेश में बस नदी में गिरने से 16 लोगों की मौत, कई लापता

वर्ल्ड अपडेट्स:बांग्लादेश में बस नदी में गिरने से 16 लोगों की मौत, कई लापता

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार शाम एक बस पद्मा नदी में गिर गई। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। रेस्क्यू टीम ने ‘हमजा’ नाम के जहाज की मदद से करीब 6 घंटे बाद बस को बाहर निकाला। बस के अंदर से 14 शव मिले, जबकि गोताखोरों ने पहले ही दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए थे। फायर सर्विस, कोस्टगार्ड, पुलिस और सेना की टीमों की मदद से गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब 11 यात्री तैरकर बाहर निकल गए या उन्हें बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बस ढाका जा रही थी। इसमें सवार अधिकतर यात्री ईद की छुट्टियां बिताकर लौट रहे थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हादसे की जानकारी ली और अधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने के साथ जांच के निर्देश दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… म्यांमार में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया, एक दिन पहले भी झटके महसूस हुए थे म्यांमार में बुधवार देर रात 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र 120 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 120 किमी गहराई में आए भूकंप को इंटरमीडिएट कैटेगरी में रखा जाता है। ऐसे भूकंप का असर सतह पर कम होता है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, मंगलवार को भी म्यांमार में 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसकी गहराई 90 किलोमीटर थी। म्यांमार भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। यहां भारतीय, यूरेशियन, सुंडा और बर्मा प्लेट्स के बीच लगातार हलचल होती रहती है। देश में सागाइंग फॉल्ट नाम की बड़ी फॉल्ट लाइन गुजरती है, जिससे मंडाले, यांगून और आसपास के इलाकों में भूकंप का खतरा बना रहता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प 14-15 मई को चीन जाएंगे, ईरान युद्ध की वजह से दौरा टला था अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 14 और 15 मई को चीन दौरे पर रहेंगे। यह दौरा पहले मार्च के अंत में तय था, लेकिन ईरान में चल रहे युद्ध के कारण इसे टाल दिया गया था। व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रम्प चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। बैठक टालने को लेकर दोनों देशों के बीच कोई शर्त नहीं रखी गई थी। चीन ने तारीख बदलने पर सहमति जताई है। इसके बाद इसी साल शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के अमेरिका दौरे का कार्यक्रम भी तय किया जाएगा। ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प वॉशिंगटन में उनकी मेजबानी करेंगे। ट्रम्प और शी जिनपिंग की पिछली मुलाकात अक्टूबर में दक्षिण कोरिया में हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *