रामनवमी में माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई : डीसी

भास्कर न्यूज | लातेहार डीसी उत्कर्ष गुप्ता और एसपी कुमार गौरव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में रामनवमी को लेकर बुधवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को त्योहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। रामनवमी पर्व जिलेवासियों के लिए आस्था और उल्लास का प्रतीक है। लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखना भी हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर समय से पहुंचने, पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से भी सहयोग की अपील की। कहा कि किसी भी भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया में साझा न करें। केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। मौके पर सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ व सीओ मौजूद थे। उपायुक्त ने एसडीओ लातेहार व महुआडांड़ के अलावे सभी बीडीओ, अंचल अधिकारियों को जुलूस के पूर्व रूट व संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। जुलूस के आगे-पीछे एवं जगह-जगह पर विडियोग्राफी कराने, सभी दंडाधिकारियों को प्रत्येक समिति द्वारा नामित किए गए स्वयंसेवकों से मिलकर समन्वय बनाकर शांतिपूर्वक जुलूस सम्पन्न कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *