Vivek Agnihotri and Bhushan Kumar confirm Operation Sindoor film: पहलगाम हमले के जख्म अभी भरे भी नहीं हैं कि भारतीय सेना के उस पराक्रम की कहानी अब बड़े पर्दे पर उतरने को तैयार है, जिसने सरहद पार जाकर दुश्मनों के होश ठिकाने लगा दिए थे। विवादित और ज्वलंत मुद्दों पर फिल्में बनाने के लिए मशहूर डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने आधिकारिक तौर पर अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर दी है। यह फिल्म साल 2025 के चर्चित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित होगी।
विवेक अग्निहोत्री की यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित होगी। इसमें उन रणनीतियों और जांबाजी का खुलासा होगा, जो अब तक आम जनता की नजरों से ओझल थीं।
ऑपरेशन सिंदूर पर बनेगी फिल्म (Vivek Agnihotri and Bhushan Kumar confirm Operation Sindoor film)
इस कहानी की शुरुआत 22 अप्रैल 2025 के उस काले दिन से होती है, जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक कायराना आतंकी हमला हुआ था। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था क्योंकि आतंकियों ने मासूम पर्यटकों से उनका धर्म पूछ-पूछकर उन्हें मौत के घाट उतारा था। इस नरसंहार में 26 बेगुनाह भारतीयों की जान गई थी।
इस घाव का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने 6 से 10 मई के बीच सीमा पार एक गुप्त और भीषण सैन्य कार्रवाई की, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिया गया। फिल्म इसी ‘डीप स्ट्राइक’ की रोंगटे खड़े कर देने वाली हकीकत बयां करेगी।
विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार आए साथ (Operation Sindoor film confirm)
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के साथ बातचीत में विवेक अग्निहोत्री ने अपनी मंशा साफ कर दी। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा ऐसी कहानियां सुनाने में यकीन रखता हूं जो शायद असहज करें, लेकिन उनका सामने आना जरूरी है। मेरा मकसद साहस, प्रोफेशनल सैन्य नजरिए और रणनीतिक स्पष्टता की इस दास्तां को पूरी प्रामाणिकता के साथ दर्शकों तक पहुंचाना है।”
इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए विवेक ने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ हाथ मिलाया है। फिल्म के बारे में भूषण कुमार का कहना है कि कुछ कहानियां खुद फिल्ममेकर्स को चुनती हैं। उन्होंने कहा, “जब देश इतने बड़े घटनाक्रमों से गुजरता है, तो यह हमारा कर्तव्य है कि हम उन्हें पूरी सच्चाई के साथ दर्ज करें।”
ग्राउंड रिसर्च और पर्दे के पीछे की सच्चाई (Vivek Agnihotri, Bhushan Kumar Join Forces For Operation Sindoor Film)
विवेक अग्निहोत्री ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म की तैयारी के लिए सशस्त्र बलों की विभिन्न शाखाओं के सहयोग से गहरी ‘ग्राउंड रिसर्च’ की गई है। उनका दावा है कि पब्लिक डोमेन में जो जानकारी उपलब्ध है, असलियत उससे कहीं ज्यादा जटिल और हैरान करने वाली है। फिल्म में न केवल यह दिखाया जाएगा कि क्या हुआ, बल्कि यह भी कि ऑपरेशन के दौरान सेना ने ‘क्यों और कैसे’ जैसे कठिन सवालों के जवाब तलाशे।
फिलहाल फिल्म की स्टारकास्ट, शूटिंग की समयसीमा या रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द ताशकेंट फाइल्स’ जैसी फिल्में दे चुके विवेक अग्निहोत्री से दर्शकों को एक बार फिर एक प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव की उम्मीद है।


