मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को प्रदेश के 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन लोगों को 495 करोड़ 96 लाख रुपए सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए। यह राशि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत दी गई। कार्यक्रम बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में आयोजित किया गया। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक भूमिहीन कृषि मजदूर हितग्राही के खाते में 10 हजार रुपए की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। राज्य सरकार ने इसके लिए कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए का प्रावधान किया था। इस सूची में 22 हजार 28 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कुल 23,568 हितग्राहियों को इस योजना का लाभ मिला। उनके खातों में 23 करोड़ 56 लाख रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बलौदाबाजार की ऐतिहासिक और धार्मिक भूमि को नमन करते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की जनता को शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है, जिसके तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उनकी सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत अधिकांश वादों को पूरा किया है। इनमें 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना का क्रियान्वयन और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की 3100 रुपए में खरीदी जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं। मंत्री बोले- सरकार ने मोदी की सभी गारंटियों को पूरा किया राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की सभी गारंटियों को पूरा किया है। ऐसा करने वाला देश में हमारा ही प्रदेश एकमात्र है। हमारी सरकार योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजती है, जिससे भ्रष्टाचार या कमीशन की कोई गुंजाइश नहीं रहती। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं एक आदिवासी परिवार से हैं और गरीबों के दुःख दर्द को अच्छे से समझते हैं। वे खुद गरीबों से मिलते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुल, पुलिया, सड़क और अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। करीब 60 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री और चेक वितरित किए गए। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कमिश्नर महादेव कावरे, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, संयुक्त सचिव राजस्व अरविंद एक्का, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी मौजूद थे।


