मोगा सिटी साउथ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन, 30 नशीली गोलियां और एक वर्ना कार बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में थाना सिटी साउथ मोगा में मुकदमा नंबर 113, दिनांक 24-03-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 61 और 85 के तहत दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई 24 मार्च की शाम करीब 8:45 बजे कच्चा घल्ल कलां रोड, मोगा क्षेत्र में की गई। आरोपी में एक महिला भी शामिल गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश कुमार और रमणदीप कौर उर्फ बब्बू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान शक के आधार पर एक वर्ना कार (नंबर PB-22-M-8889) को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दोनों आरोपियों के पास से 40 ग्राम हेरोइन और 30 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं और इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। मोगा पुलिस ने दोहराया है कि नशे के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


