फर्जी दस्तावेज से ली मलेशिया की नागरिकता, भारत में भी दे रहा था वोट, ऐसे खुला राज

फर्जी दस्तावेज से ली मलेशिया की नागरिकता, भारत में भी दे रहा था वोट, ऐसे खुला राज

आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक शख्स द्वारा दो देशों में नागरिकता लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शख्स ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मलेशिया की नागरिकता हासिल की और भारत में भी उसके गांव की मतदाता सूची में उसका नाम दर्ज है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरिहा चौकी प्रभारी ने दी तहरीर

जानकारी के मुताबिक, फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि ग्राम सुरई निवासी मोहम्मद कुद्दूस जो कई सालों से मलेशिया में रह रहा था, हाल ही में अपने गांव वापस लौटा है। तहरीर देकर चौकी प्रभारी ने आरोप लगाया है कि उसने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपनी पहचान बदली और मलेशिया में नागरिकता हासिल की है। आरोप है कि पासपोर्ट बनवाने के लिए भी उसने अपना पता मलेशिया का दिखाया था, जिसके आधार पर उसका मलेशिया का नागरिक होने की बात सामने आई है।

IOC कार्ड भी किया हासिल

आरोप है कि आरोपी ने प्रवासी भारतीय नागरिकता (IOC) कार्ड भी हासिल कर लिया है, जबकि नियम यह है कि इस कार्ड को हासिल करने वाले को भारत में वोट देने का अधिकार नहीं होता। लेकिन इसके बावजूद उसका नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज है। इसके साथ ही वह विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा रहा है।

SIR के दौरान भरा फॉर्म 7

चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला है की विशेष ग्रहण पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखने के लिए उसने फॉर्म 7 भी भरा था। इससे यह सब पता चलता है कि आरोपी ने सिर्फ कानून का ही उल्लंघन नहीं किया बल्कि चुनाव की प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या बोली पुलिस

थानाध्यक्ष हिमेन्द्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही मामले से पर्दा उठाने के लिए एक जांच टीम भी गठित की गई है। टीम की जांच में यदि आरोपी पर दोष सिद्ध होता है तो उसे खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दस्तावेजों में दर्ज उसके नाम को भी कटवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *