बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र के मसूरी गांव में मंगलवार रात बुजुर्ग दंपति के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने से सनसनी फैल गई। 75 वर्षीय जीराज सिंह और उनकी 72 वर्षीय पत्नी रामरती देवी के शव उनके घर पर मिले, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में जीराज सिंह के सिर पर चोट के निशान पाए गए, जबकि रामरती देवी के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट नहीं मिली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, बुजुर्ग दंपति अपने भांजे का भात देने जाने की तैयारी में थे। अचानक हुई इस घटना से गांव में हत्या की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि जीराज सिंह का शव घर के बाहर खंभे के नीचे मिला है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि उन्हें करंट लगा, जिससे वह नीचे गिर पड़े और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वहीं, रामरती देवी की मौत सदमे के कारण होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।


