कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में पिछले सप्ताह नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) से मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान गुरमुख सिंह (27) निवासी गोलू माजरा गांव जिला मोहाली का रहने वाला था। 20 मार्च को गुरमुख सिंह का शव डल्ला माजरा गांव के पास नहर में बहता मिला था, जिसके हाथ-पैर पीली रस्सी से बंधे मिले थे। पुलिस ने गुरमुख सिंह के सिर और माथे पर किसी भारी चीज से वार कर उसकी हत्या का शक जताया। फिर उसके शव को नहर में फेंक दिया गया। नहर से उसका शव बाहर निकाला तो सिर और माथे से खून बहने लगा। कल पुलिस ने उसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिवार के हवाले कर दिया। सबसे छोटा बेटा था गुरमुख सिंह परिवार के मुताबिक, गुरमुख सिंह अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। गुरमुख सिंह के पिता निर्मल चंद पंजाब हेल्थ डिपार्टमेंट से बतौर फोर्थ क्लास वर्कर सेवानिवृत्त है। गुरमुख 12 मार्च को अपने घर से लापता हो गया था। गुरमुख मानसिक रूप से परेशान था, जिसका अस्पताल से इलाज चल रहा था। पहले भी कई बार लापता हुआ गुरमुख सिंह पहले भी कई बार घर से लापता हो चुका था। फिर कुछ दिनों बाद खुद वापस आ जाता था। इसलिए परिवार ने उसकी पंजाब पुलिस में गुमशुदगी दर्ज नहीं करवाई। इस बार भी उनको लग रहा था कि गुरमुख खुद वापस आ जाएगा, लेकिन कल अचानक उनको गुरमुख की मौत की सूचना मिली। अचानक पहुंचा परिवार कल अचानक गुरमुख सिंह का परिवार पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंच गया। उन्होंने हाथ पर टैटू और शक्ल देखकर उसकी पहचान कर दी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। हालाांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। साथ ही परिवार से भी पूछताछ चल रही है। नहर में बहता मिला था शव गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि 20 मार्च को उनको राहगीरों से नरवाना ब्रांच नहर में शव के बहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए और शव को बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले कर दिया। कल शव का पोस्टमॉर्ट होना था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट देखकर परिवार कुरुक्षेत्र पहुंचा। लेफ्ट बाजू पर बना था टैटू
गुरमुख सिंह की लेफ्ट बाजू पर पंजाबी लिपि में सहोता का टैटू बना है। पुलिस इस टैटू को अहम सुराग मानकर चल रही थी। पहले से पुलिस की जांच पंजाब की तरफ चल रही थी। पुलिस ने शाहाबाद और नग्गल (अंबाला) पुलिस संपर्क किया था, लेकिन वहां से कोई लापता व्यक्ति की सूचना नहीं थी। इसलिए पुलिस का पंजाब की तरफ फोकस था। पुलिस कर रही मामले की जांच उधर, इस्माइलाबाद पुलिस थाने में तैनात जांच अधिकारी राजपाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


