गंगा नदी में डूबने से युवक की मौत, बिहार से दोस्तों संग काशी आया था युवक, दर्शन-पूजन का था प्लान

गंगा नदी में डूबने से युवक की मौत, बिहार से दोस्तों संग काशी आया था युवक, दर्शन-पूजन का था प्लान

वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पंचगंगा घाट पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ काशी पहुंचा था और बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है। युवक को डूबता देख आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद इसकी सूचना एनडीआरएफ को दी गई।

दर्शन-पूजन करने बिहार से आया था युवक

जानकारी के मुताबिक, बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले श्याम कुमार अपने दोस्तों के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन करने और गंगा स्नान के लिए काशी पहुंचे थे। बुधवार की सुबह वह पंचगंगा घाट पर स्नान कर रहे थे, इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी की ओर बढ़ गए। बताया जा रहा है कि उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और देखते-देखते वह पानी में डूबने लगे। इस दौरान आसपास के लोगों और उनके दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एनडीआरएफ को दी।

एनडीआरएफ ने बरामद किया शव

घटना की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान करीब एक घंटे की मेहनत के बाद गोताखोरों ने नदी में डूबे युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।

परिजनों को किया गया सूचित

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा घटना के बारे में जानकारी दी गई थी। शव को गंगा नदी से बाहर निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान के दौरान वह गहरे पानी में न जाएं, खासकर उन स्थानों पर जहां पर नदी में धार तेज होती है।

वहीं, लोगों ने मांग की है कि गंगा नदी में चेतावनी संकेत लगाया जाए। इसके साथ ही हर एक घाट पर एनडीआरएफ और जल पुलिस की तैनाती की जाए, क्योंकि काशी में गंगा नदी में स्नान करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है। इसी वजह से नदी में डूबने से उनकी मौत हो जाती है। इससे पहले भी इस तरह के कई हादसे हो चुके हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *