हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के एक गांव में लगातार छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान होकर एक नाबालिग छात्रा ने सुसाइड का प्रयास किया। छात्रा को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। नारनौंद थाना पुलिस ने छात्रा के परिजनों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों के अनुसार, छात्रा को पिछले कुछ दिनों से गांव के ही दो युवक स्कूल आते-जाते समय परेशान कर रहे थे। आरोपी उस पर जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते थे और मना करने पर उसे धमकियां देते थे। परिवार ने इन युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बताया गया है कि, 22 मार्च को छात्रा के बड़े भाई ने आरोपियों से बात की, जिसके बाद उनके बीच हाथापाई हुई। उसी शाम, आरोपियों ने कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर गांव के खेल स्टेडियम में छात्रा के भाई के साथ मारपीट भी की। परिजनों ने समय रहते देखा, अस्पताल में कराया भर्ती अगले दिन, जब छात्रा की मां घर में काम कर रही थी, उसी दौरान नाबालिग छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने समय रहते उसे देख लिया और तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। नारनौंद थाना पुलिस ने इस मामले में चार युवकों के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। हांसी पुलिस पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


