शाजापुर शहर में मंगलवार रात 9 बजे से पेट्रोल और डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है। शहर के कुल पांच पेट्रोल पंपों में से तीन पर स्टॉक खत्म होने की खबर मिलते ही बाकी दो पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे हैं कि लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। जिला सहायक आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि राधा पेट्रोल पंप, बस स्टैंड पंप और बेरछा रोड स्थित एचपी पंप ने कंपनी को एडवांस पेमेंट नहीं भेजा था। इस वजह से कंपनी ने इन तीन पंपों की सप्लाई रोक दी है। कंपनी अब केवल कैश क्रेडिट पर ही माल भेज रही है। हालांकि, अधिकारी का कहना है कि शहर के बाकी दो पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है। अफवाहों ने बढ़ाई भीड़ पेट्रोल भरवाने आए संजय ठाकुर ने बताया कि इंदौर और उज्जैन में पेट्रोल खत्म होने की खबर फैलने के बाद यहां भी घबराहट फैल गई। वहीं माकड़ोन (तराना) से आए देवकरण ने बताया कि उनके इलाके में डीजल नहीं मिल रहा, इसलिए वे शाजापुर से 120 लीटर डीजल लेने आए हैं। स्थानीय निवासी निर्मल का कहना है कि उन्हें आधे घंटे से ज्यादा समय लाइन में बीत चुका है। कलेक्टर की अपील अफवाहों पर न दें ध्यान कलेक्टर ऋजु बाफना ने जिले के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि:जिले में डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर अनावश्यक स्टॉक न करें।मांग के अनुसार ईंधन और गैस की सप्लाई लगातार जारी है।सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते फ्यूल का ऑर्डर दें ताकि कमी न हो। प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि वे केवल अपनी जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदें ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


