मेरठ में मंगलवार को एक भाजपा नेता अपने बयान के कारण चर्चाओं में आ गए। पूरा मामला इंचोली के भगवानपुर गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से जुड़ा है। भाजपा नेता ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले के हाथ कलम कर लाने वाले को 11 लाख रुपए के ईनाम का ऐलान किया है। पहले एक नजर पूरे मामले पर
इंचोली थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में डॉ भीमराव अंबेडकर की एक प्रतिमा स्थापित की गई है। 30 मार्च को इसका अनावरण होना था, लेकिन उससे पहले ही असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों को जैसे ही इसका पता चला, वह एकत्र हो गए। राजनीतिक दलों के लोगों का जमावड़ा लग गया। अफसरों ने कार्यवाही का दिया आश्वासन
प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर सरधना विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान, पूर्व विधायक संगीत सोम के अलावा भीम आर्मी के मंडल प्रभारी विजेंद्र सूद भी समर्थकों के साथ पहुंच गए। एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। जल्द प्रतिमान लगवाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हो पाया। भाजपा नेता का विवादित बयान आया सामने
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरे दिन मामला चर्चा में बना रहा। शाम को भाजपा नेता हसीन यासीन के बयान ने मामले को फिर हवा दे दी। हसीन यासीन ने ऐलान किया की जो भी डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले के हाथ कलम कर लाकर देगा, उसे वह 11 लाख रुपए का इनाम देंगे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। हसीन बोले- ऐसे लोग समाज के दुश्मन
भाजपा नेता हसीन यासीन ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर हर समाज के लिए पूजनीय हैं। लेकिन कुछ लोगों की मानसिकता बदलने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे लोग समाज के दुश्मन हैं और इनको सबक सिखाना जरूरी है। इस पर रोक लगानी होगी नहीं तो हिंदू, मुस्लिम और जातिवाद की खाई गहरी होती जाएगी। पहले भी एक बयान से चर्चा में आ चुके
यह पहला मामला नहीं है, जब भाजपा नेता हसीन यासीन ने विवादित बयान दिया है। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर अपशब्द बोलने वाले व्यक्ति की जीभ काटकर लाने वाले को 11 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था। अब डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले के हाथ काटकर लाकर देने वाले को उन्होंने इनाम का ऐलान किया है।


