शिवपुरी के होटल में घरेलू गैस से बनते मिले समोसे-गुजिया:जांच के दौरान संचालक का हंगामा, टीम बिना कार्रवाई लौटी

शिवपुरी के होटल में घरेलू गैस से बनते मिले समोसे-गुजिया:जांच के दौरान संचालक का हंगामा, टीम बिना कार्रवाई लौटी

खाद्य विभाग की टीम ने शिवपुरी के चड्डा होटल में घरेलू एलपीजी गैस के दुरुपयोग की जांच की। नबाब साहब रोड स्थित इस होटल में टीम को घरेलू गैस सिलेंडरों पर समोसे और गुजिया बनते हुए मिले। टीम ने जब सिलेंडर जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो होटल संचालक दीपक शर्मा ने विरोध करते हुए हंगामा किया। आरोप है कि शर्मा ने अपने स्टाफ के साथ मिलकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और कार्रवाई के दबाव में बाजार बंद कराने की धमकी भी दी। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख खाद्य विभाग की टीम को बिना कार्रवाई किए ही लौटना पड़ा। जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुरें ने बताया कि प्रशासन ने होटल-ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। चड्डा होटल में घरेलू सिलेंडर के इस्तेमाल की सूचना मिली थी, जिसकी पुष्टि जांच के दौरान हुई। कुरें ने यह भी बताया कि संचालक द्वारा विरोध और बाधा डालने के कारण टीम कार्रवाई नहीं कर पाई। पूरे मामले की वीडियो साक्ष्य के साथ कलेक्टर को रिपोर्ट भेज दी गई है और होटल के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *