हरदोई में पशु केंद्र के लिए 279 लाख मंजूर:आवारा पशुओं की समस्या का होगा समाधान, राज्यमंत्री ने सीएम का आभार जताया

हरदोई में पशु केंद्र के लिए 279 लाख मंजूर:आवारा पशुओं की समस्या का होगा समाधान, राज्यमंत्री ने सीएम का आभार जताया

नगर पालिका परिषद हरदोई में पशु जन्म नियंत्रण केंद्र (एबीसी सेंटर) के निर्माण को राज्य सरकार ने प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए 279.03 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए शत-प्रतिशत धनराशि एकमुश्त जारी करने का भी निर्णय लिया गया है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर आबकारी राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के बनने से शहर में आवारा पशुओं की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। मंत्री नितिन अग्रवाल ने बताया कि लंबे समय से नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या एक गंभीर समस्या बनी हुई थी। इससे यातायात और आमजन दोनों प्रभावित हो रहे थे। एबीसी सेंटर के निर्माण से पशुओं का बंध्याकरण और प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने हरदोई वासियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार शहर के समग्र विकास तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शहर के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *