मेरठ : उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर भड़काऊ बयानों का उबाल आ गया है। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने मेरठ में आयोजित एक ‘ईद मिलन’ कार्यक्रम के मंच से कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर विवादित बयान दिया है। शौकत अली ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यदि प्रदेश में किसी मुसलमान का एनकाउंटर हुआ, तो ऐसा करने वालों का भी एनकाउंटर किया जाएगा। इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
‘111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो’
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक मंडप में आयोजित कार्यक्रम में शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपने जिन्हें 111 विधायक जिताकर दिए, वे आज कहते हैं कि हमारी सरकार नहीं है, हम क्या कर सकते हैं? आप हमें 111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो, हम अपनी ताकत दिखा देंगे।’ उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से घर-घर जाकर ‘नाइंसाफी’ के विरुद्ध प्रचार करने का आह्वान किया।
भेदभाव का लगाया आरोप, नमाज पर कही ये बात
शौकत अली ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल बेगुनाहों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मदरसों पर ताले लटकाए गए और केवल आरोपों के आधार पर घरों पर बुलडोजर चला दिए गए। देश की आजादी में हमारा भी योगदान रहा है, लेकिन आज हमारे साथ सबसे ज्यादा ज्यादती हो रही है।” उन्होंने मेरठ पुलिस कप्तान के उस निर्देश का भी जिक्र किया जिसमें सड़क पर नमाज पढ़ने वालों पर कार्रवाई की बात कही गई थी। शौकत अली ने कहा कि ऐसे ही सख्त कदम रामनवमी के जुलूसों के दौरान भी उठाए जाने चाहिए।
हिंदूवादी संगठनों ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
शौकत अली के बयान पर पलटवार करते हुए अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह धमकी केवल पुलिस को नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई है। सिरोही ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर शौकत अली की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और ओवैसी के पुतले जलाएंगे।
‘एनकाउंटर अपराधी का होता है, धर्म का नहीं’
बयानबाजी के इस दौर में भाजपा ने भी मोर्चा संभाला है। पार्टी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि एनकाउंटर किसी हिंदू या मुसलमान का नहीं, बल्कि अपराधियों का होता है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था के कारण ही जनता का भरोसा भाजपा पर बना हुआ है और इस तरह के भड़काऊ बयानों से जनता के मानस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
एएसपी अंतरिक्ष जैन के अनुसार, वायरल वीडियो में भड़काऊ भाषण देने वाले व्यक्ति के विरुद्ध थाना लोहियानगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


