इजरायली मीडिया ने किया दावा, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा अमेरिका से बातचीत के लिए तैयार

इजरायली मीडिया ने किया दावा, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा अमेरिका से बातचीत के लिए तैयार

Iran-Israel War: इजरायली मीडिया संस्थान येदिओथ अहरोनोथ ने दावा किया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई अमेरिका संग बातचीत के लिए तैयार हैं। इजरायली मीडिया ने दावा किया कि कुछ दिनों पहले ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची और अमेरिकी मध्यस्थ स्टीव विटकोफ के बीच बातचीत हुई। जिसे ईरान के सुप्रीम लीडर यानि मोजतबा खामेनेई ने मंजूरी दी। अमेरिकी और ईरानी पक्षकारों की बीच बातचीत के दावे मौजूदा संघर्ष के बीच एक संभावित कूटनीतिक पहल का संकेत दे रहे हैं।

होर्मुज का नियंत्रण ईरान और अमेरिका करेंगे: ट्रंप

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में मीडिया से बात करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कहा कि यह मार्ग जल्द ही खुल जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के साथ चल रही बातचीत सफल रही तो यह जलडमरूमध्य अमेरिका और ईरान के संयुक्त नियंत्रण में रहेगा। ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह संयुक्त रूप से नियंत्रित होगा।

दुनिया के लिए क्यों महत्वपूर्ण है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से रोजाना लगभग 1.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल और 50 लाख बैरल तेल उत्पादों की आवाजाही होती है। यह वैश्विक समुद्री तेल व्यापार का करीब 25 प्रतिशत है। अमेरिका और इजरायली हमले के बाद ईरान ने होर्मुज में ब्लॉकेड की स्थिति लगा दी है। कई जहाजों को निशाना बनाया गया है। इससे वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। साथ ही, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

ऊर्जा स्थलों पर हमले को पांच दिनों के लिए टालने का आदेश: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बीते दिनों ईरान के पावर प्लांट और ऊर्जा स्थलों पर हमले को पांच दिनों के लिए टालने का आदेश दिया। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि पिछले दो दिनों में ईरान के साथ ‘बहुत अच्छी और उत्पादक बातचीत’ हुई है। उन्होंने कहा कि चर्चा ‘गहन, विस्तृत और रचनात्मक’ थी, इसलिए हमलों को रोका गया। बातचीत इस सप्ताह भी जारी रहेगी। हालांकि, ट्रंप के इन दावों को ईरान ने फौरन खारिज कर दिया। ईरान की तरफ से कहा गया कि 28 फरवरी से जंग शुरू होने के बाद अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *