पन्ना शहर के बड़ा बाजार चौराहा स्थित ‘लकी ज्वेलर्स’ में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। दो अज्ञात महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में आईं और 60 ग्राम चांदी की पायलें चोरी कर ले गईं। घटना सोमवार दोपहर की है। व्यापारी की शिकायत पर आज मंगलवार को शिकायत दर्ज कर ली गई है। बातों में उलझाकर महिलाओं ने की चोरी दुकान संचालक लोकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना 23 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे की है। दोनों महिलाएं आभूषण देखने के बहाने दुकान में आईं। इसी दौरान उन्होंने दुकानदार को बातों में उलझाया और करीब 12 हजार रुपये कीमत की पायलें चुरा लीं। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना महिलाओं के जाने के बाद जब स्टॉक मिलाया गया, तब चोरी का पता चला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया, जिसमें दोनों महिलाएं साफ तौर पर चोरी करते हुए दिखाई दे रही हैं। दुकानदार ने 24 मार्च को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर अज्ञात महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


