छिंदवाड़ा जिले के गोण्डा गांव में सोमवार देर शाम शराब के नशे में धुत एक बेटे ने विवाद के बाद अपने पिता पर फसल काटने वाले नुकीले हथियार ‘खुरच’ से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चेहरे और छाती पर गंभीर चोटें आने से पिता हरिश्चंद्र उईके बुरी तरह घायल हो गए। घटना के समय मां खेत से लौटकर आई थीं और उनके सामने ही बेटे वासुदेव उईके ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल घायल पिता को जिला अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी बेटे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नशे में घर पहुंचा था बेटा, माता-पिता से किया विवाद अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, गोण्डा निवासी हरिश्चंद्र उईके का बेटा वासुदेव उईके देर शाम शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर आते ही वह अपने माता-पिता से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बेटे वासुदेव ने घर में रखे फसल काटने के उपयोग में आने वाले नुकीले हथियार (खुरच) को उठा लिया और अपने ही पिता पर हमला कर दिया। बचाव करने पर चेहरे और छाती पर लगा हथियार बेटे द्वारा किए गए इस हमले के दौरान पिता हरिश्चंद्र उईके ने खुद को बचाने के लिए अपने हाथों से वार रोकने की कोशिश की। बचाव करने के बावजूद नुकीला हथियार उनके चेहरे और छाती पर लग गया, जिससे वे खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मां के सामने दिया वारदात को अंजाम, केस दर्ज घटना के समय हरिश्चंद्र की पत्नी बेबी उईके खेत में फसल काटने गई हुई थीं। जब वह काम खत्म कर घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि बेटा वासुदेव अपने पिता से झगड़ा कर रहा था। उसी दौरान मां के सामने ही उसने पिता पर हमला कर दिया। घायल हरिश्चंद्र को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां उनकी हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मामले की सूचना पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी बेटे के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


