अलवर जिले के राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर सोमवार देर शाम चलती ट्रेन से गिरने पर 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद शव पटरी के पास पड़ा मिला, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत राजगढ़ पुलिस और पालिका को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर बांदीकुई के गढ़ दुब्बी निवासी रामस्वरूप पुत्र भोरेलाल गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजगढ़ पालिका के कर्मचारी जुगनू तम्बोली ने बताया कि उन्हें पुलिस से सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव को उठवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।


