आगरा की एत्मादपुर विधानसभा से विधायक डॉ. धर्मपाल ने अपने कार्यकाल में रिकॉर्ड विकास काम कराने का दावा किया है। उनका कहना है कि पेयजल, सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। आने वाले समय में इंटरनेशनल स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉलेज उनकी प्राथमिकता है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने कामकाज, उपलब्धियों और 2027 चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: पिछले 4 साल के काम के लिए आप अपने को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: मैं अपने आप को कैसे नंबर दे सकता हूं? अपनी कॉपी खुद कैसे जांच सकता हूं? यह तो जनता बताएगी। मैंने पूरी ईमानदारी से जनता के बीच रहकर काम किया है और अपनी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य कराए हैं। सवाल: अपने क्षेत्र में सबसे बड़ा काम कौन सा कराया है?
जवाब: एक नहीं, कई बड़े काम कराए हैं। शहरी क्षेत्र में पेयजल सबसे बड़ी समस्या थी, जिसके लिए 413 करोड़ रुपए का नया वाटर वर्क्स स्वीकृत हुआ, जिसका काम तेजी से चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत करीब 400 करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं, जिससे लोगों को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। जलेसर रोड को नेशनल हाईवे का दर्जा मिला, जिसके लिए 686 करोड़ रुपए जारी हो चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट से पेड़ कटान की अनुमति मिलते ही काम शुरू होगा। इसके अलावा 90 करोड़ से फ्लाईओवर, 20 करोड़ से बुद्धा पार्क, यमुना नदी पर 8 करोड़ का पुल और खंदौली में बिजलीघर का निर्माण कराया गया है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप इस साल पूरा करना चाहते हैं?
जवाब: बिरूनी में 25 करोड़ रुपए से मॉडल स्कूल स्वीकृत कराया गया है। अंतिम साल में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का लक्ष्य है, जो पाइपलाइन में है। इसके अलावा इंटरनेशनल स्टेडियम के लिए 50 एकड़ जमीन चिन्हित की जा चुकी है। प्रयास है कि इस साल इसकी स्वीकृति मिल जाए। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। मैं पूरे समय जनता के बीच रहा हूं। टिकट को लेकर कोई चिंता नहीं है, जो आदेश मिलेगा उसका पालन करूंगा। सवाल: क्या आपको इस बार फिर टिकट मिलेगा?
जवाब: मुझे तीन बार जनता ने विधायक बनाया है। मैंने कभी टिकट नहीं मांगा। मैं सिर्फ जनता की सेवा और विकास को प्राथमिकता देता हूं। टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। सवाल: आपकी पार्टी से अन्य दावेदार भी हैं, इसे कैसे देखते हैं?
जवाब: पार्टी में सभी को टिकट मांगने का अधिकार है। यह स्वागत योग्य है। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा।


