लेकसिटी के सरकारी होटलों और विश्राम भवन में ठहरने वाले सीएम, मंत्री, वीवीआईपी सहित पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। कारण यह है कि सर्किट हाउस, आरटीडीसी की कजरी और आनंद भवन होटल के पास फायर एनओसी तक नहीं है। इन होटलों में भले ही अग्निशामक यंत्र लगे हुए हैं, लेकिन आवश्यक फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं है। फायर फाइटिंग सिस्टम लगाने में लाखों रुपए का खर्च आता है, जिसके कारण संबंधित विभाग इस पर खर्च नहीं कर रहे हैं। नगर निगम ने इन तीनों को नोटिस दे रखा है। लापरवाही जारी रहने पर दो और नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद सीज की कार्रवाई की जाएगी। इन सरकारी होटलों और सर्किट हाउस का संचालन करने वाले अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारी हर समय वीवीआईपी प्रोटोकॉल में व्यस्त रहते हैं, लेकिन सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। अगर किसी दिन कोई बड़ी घटना हो गई तो जिम्मेदार कौन होगा। शहर के अन्य सरकारी भवनों, कार्यालयों और विश्वविद्यालयों ने फायर एनओसी ले रखी है। इनमें पोस्ट ऑफिस, इनकम टैक्स, जीएसटी कार्यालय और सुखाड़िया विश्वविद्यालय शामिल है। नगर निगम के फायर ऑफिसर बाबूलाल चौधरी ने बताया कि हर होटल के लिए फायर एनओसी जरूरी है। जिनके पास एनओसी नहीं है, उन्हें नोटिस दिया जाता है। तीन नोटिस के बाद होटल को सीज किया जा सकता है। सर्किट हाउस को दो माह पहले और कजरी व आनंद भवन होटल को इस माह की शुरुआत में नोटिस दिया था। तीनों को एक-एक नोटिस दिया है। सर्किट हाउस… मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री तक ठहरते हैं सर्किट हाउस में 42 कमरे हैं और यह फतहसागर झील के किनारे स्थित है। यहां मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री और ब्यूरोक्रेट ठहरते हैं तथा कई महत्वपूर्ण बैठकें भी होती हैं। इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर लापरवाही जारी है। एनओसी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
“5 साल पहले फायर सिस्टम लगाया था। एनओसी के लिए टीम जांच कर चुकी है। संबंधित अधिकारी के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे।”
-संदीप चौधरी, इंचार्ज, सर्किट हाउस फायर सिस्टम के लिए बजट मांगा
“फायर फाइटिंग सिस्टम की वित्तीय स्वीकृति के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा है। अनुमति मिलने के बाद सिस्टम लगाया जाएगा।”
-कमलेश वर्मा, महाप्रबंधक, कजरी होटल मैंने होटल में नई जॉइनिंग की है
“होटल में फायर एनओसी की जानकारी नहीं मैंने अभी होटल में नई जॉइनिंग की है। फायर एनओसी है या नहीं, पता करके बताऊंगा।”
-ललित सिंह राव, मैनेजर, आनंद भवन होटल


