भरतपुर। भरतपुर जिले के नदबई थाना क्षेत्र के भौसिंगा गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बेटे ने शराब के नशे में अपने ही पिता की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय प्रेम सिंह अपने बड़े बेटे कुंवर सिंह उर्फ गुड्डू के साथ घर पर मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य उस समय घर पर नहीं थे। एक बेटा नौकरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, जबकि दूसरा बेटा हरेंद्र गंभीर बीमारी के चलते अपनी मां के साथ दौसा के एक अस्पताल में भर्ती था।
मामूली बात को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी
बताया जा रहा है कि देर रात किसी मामूली बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गुड्डू ने आपा खो दिया। वह शराब के नशे में धुत था और गुस्से में आकर उसने घर में रखा धारदार हथियार उठा लिया। इसके बाद उसने अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से प्रेम सिंह संभल नहीं पाए और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मंजर देख ग्रामीणों के उड़े होश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए चालाकी दिखाते हुए अनजान बनने की कोशिश की। सुबह होते ही वह गांव के लोगों को बुलाने पहुंचा, जैसे उसे घटना की कोई जानकारी न हो। लेकिन जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घर के अंदर का मंजर देखा तो सभी के होश उड़ गए। खून से लथपथ शव देखकर गांव में सनसनी फैल गई।
आरोपी की तलाश जारी
इसी बीच वारदात के बाद आरोपी गुड्डू मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
एफएसएल टीम ने लिए सैंपल
थाना अधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया। मौके से सैंपल लिए हैं। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मृतक के छोटे बेटे भगत ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। फरार आरोपी गुड्डू की तलाश की जा रही है।


