LPG Gas Shortage: रामपुर में गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए मची मारामारी, लोग एजेंसियों के काट रहे चक्कर

LPG Gas Shortage: रामपुर में गैस संकट गहराया, सिलेंडर के लिए मची मारामारी, लोग एजेंसियों के काट रहे चक्कर

LPG Gas Shortage Rampur: रामपुर जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर भले ही प्रशासनिक स्तर पर पर्याप्त आपूर्ति के दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। रामपुर शहर के साथ-साथ मिलक, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं।

हालात ऐसे हैं कि गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और इसके बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई लोगों को 10 से 15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे घरेलू जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

गैस एजेंसियों पर बढ़ा आक्रोश, धांधली के आरोप

रविवार को सैफनी क्षेत्र के खरसौल गांव में स्थित एक गैस एजेंसी पर वितरण में अनियमितता और धांधली के आरोप लगे। स्थानीय किसानों और उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की। लोगों का कहना है कि एजेंसियों पर पारदर्शिता नहीं है और कुछ लोगों को प्राथमिकता देकर गैस दी जा रही है, जबकि आम उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर

स्थानीय लोगों और जानकारों के अनुसार ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर गैस सप्लाई पर भी पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं के चलते घरेलू बाजार में एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर रामपुर जैसे जिलों में देखने को मिल रहा है, जहां पहले से ही वितरण व्यवस्था कमजोर बताई जा रही है।

घरेलू महिलाओं की बढ़ी परेशानी

गैस की कमी का सबसे ज्यादा असर घरेलू महिलाओं पर पड़ रहा है। संजय अग्रवाल ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा। तोशीबा ने कहा कि बार-बार कोशिश करने के बावजूद गैस बुक नहीं हो पा रही है, जिससे खाना बनाने में भारी दिक्कत हो रही है। ईद जैसे बड़े त्योहार पर भी लोगों को गैस नहीं मिल पाई, जिससे परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

प्रेम प्रकाश ने बताया कि उन्होंने 5 मार्च को गैस बुक कराई थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला। वहीं रियासत खां ने भी बताया कि बुकिंग के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल रही और पर्ची लेने के लिए बार-बार एजेंसी जाना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से गैस की कोई कमी नहीं होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि हकीकत में उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे उनकी नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *