भागने के सारे रास्ते बंद किए, फिर… कैसे पकड़ाया डर्टी बाबा अशोक खरात? फडणवीस का बड़ा खुलासा

भागने के सारे रास्ते बंद किए, फिर… कैसे पकड़ाया डर्टी बाबा अशोक खरात? फडणवीस का बड़ा खुलासा

नासिक जिले के सिन्नर तालुका से सामने आए अशोक खरात मामले ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया है। महिलाओं के साथ कथित शोषण और धोखाधड़ी के आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। यही वजह है कि इस संवेदनशील मुद्दे की गूंज अब विधानसभा के बजट सत्र में भी सुनाई दी।

विधानसभा में उठा मुद्दा, विपक्ष का हंगामा

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मामले को महाराष्ट्र विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया। विजय वडेट्टीवार, नाना पटोले और भास्कर जाधव जैसे दिग्गज नेताओं ने महायुति सरकार से जवाब मांगा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

CM फडणवीस का बड़ा बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने सदन में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संगीन है और आरोपी ने तथाकथित शक्तियों का दुरुपयोग कर कई महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार व गलत कृत्य किए हैं।

फडणवीस ने बताया कि पुलिस ने पहले से योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं शुरुआत में सामने आने को तैयार नहीं थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया, जिसके बाद कुछ पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई है और आगे भी और शिकायतें आने की संभावना है।

फरार न हो सके, इसलिए पहले ही जारी किया गया LOC

मुख्यमंत्री ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अचानक नहीं हुई, बल्कि इसकी तैयारी पहले से चल रही थी। उन्होंने बताया कि 10 मार्च को ही दूसरे जिले में दर्ज एक शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया था, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके।

फडणवीस ने कहा कि जांच अभी भी बहुत संवेदनशील मोड़ पर है और हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। वह मंगलवार को इस पूरे मामले पर सदन में एक विस्तृत विवरण पेश करेंगे।

‘यह राजनीति नहीं, महिलाओं के सम्मान का सवाल’

मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का मामला है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं को झूठे दावे और तथाकथित शक्तियों का भ्रम देकर उनका ‘ब्रेनवॉश’ करता था और उन्हें मानसिक रूप से नियंत्रित कर शोषण करता था। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

गौरतलब है कि ढोंगी बाबा अशोक खरात के संपर्क में कई बड़े नेता, अधिकारी और प्रभावशाली लोग भी बताये जा रहे है। उसे बुधवार को एक महिला का तीन साल तक बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस पर नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच 35 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप है।

आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी ने खरात के कार्यालय के एक कर्मचारी से 7 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। पुलिस ने उसके ठिकानों से हथियार, नकदी और बड़ी संख्या में संपत्ति संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए हैं। अब तक 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिलने की खबर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *