छतरपुर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सोमवार को सातवें दिन निकली इस प्रभात फेरी को सफाई कर्मियों ने भगवा ध्वज दिखाकर रवाना किया। यह प्रभात फेरी सामाजिक समरसता और स्वच्छता का संदेश देती नजर आई। प्रभात फेरी का शुभारंभ स्वच्छता प्रभारी संजेश नायक और वार्ड सुपरवाइजरों की मौजूदगी में हुआ। सफाई कर्मियों—नत्थू, सरमन, कैलाश, नरेश, अयोध्या, छोटेलाल, सावित्री, फूला रानी, पदमा, राजकुमारी, विद्या और रेखा—ने मिलकर भगवा ध्वज लहराया और कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रभात फेरी में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शंख, मंजीरे, झालर और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ रामभक्त भजन गाते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे शहर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रभात फेरी चौक बाजार से शुरू होकर सटई रोड स्थित मां पूर्णेश्वरी मंदिर, चौबे कॉलोनी, एसवीएन कॉलेज, सनसिटी मार्ग होते हुए छत्रसाल चौराहे पहुंची और पुनः चौक बाजार में संपन्न हुई। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सटई रोड पर पार्षद शिव सिंह यादव और सुरेंद्र तोमर ने फल वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। वहीं पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम शिवहरे ‘लाले’ ने समोसे बांटे। एसवीएन कॉलेज के पास भाजपा नेता बॉबी राजा द्वारा पुष्प वर्षा और स्वल्पाहार कराया गया। सनसिटी क्षेत्र में कॉलोनी अध्यक्ष श्याम किशोर अग्रवाल, पार्षद सुशील शिवहरे समेत अन्य नागरिकों ने कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम वितरित कर रामभक्तों का अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने मां पीतांबरा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया। आयोजन समिति ने 27 मार्च को रामनवमी पर निकलने वाली 21वीं भव्य शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, मर्यादा और भारतीय संस्कृति का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।


