IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ी टेंशन, फिट होने के बावजूद अबतक टीम से नहीं जुड़े मिचेल स्टार्क, खेलने पर संशय

IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ी टेंशन, फिट होने के बावजूद अबतक टीम से नहीं जुड़े मिचेल स्टार्क, खेलने पर संशय

Mitchell Starc, Delhi Capitals, IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को बताया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक मिचेल स्टार्क को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं दिया है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनका प्रमुख तेज गेंदबाज एक अप्रैल को टूर्नामेंट में शुरुआती मैच से पहले टीम से जुड़ जाएगा।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल, क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव और मुख्य कोच हेमांग बदानी ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में अपने तेज गेंदबाज की उपलब्धता से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। स्टार्क ने पिछले सत्र में 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे।

बदानी ने कहा, “हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही हमें वह मिल जाएगा, हमें पता चल जाएगा कि वह कब टीम में शामिल होंगे।” उन्होंने एनओसी मिलने में हो रही देरी के बारे में पूछे जाने पर कहा, “हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ लगातार संपर्क में हैं। वह गेंदबाजी अभ्यास कर रहे हैं, उन्होंने कुछ दिन पहले भी गेंदबाजी की थी। जब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें खेलने के लिए फिट घोषित नहीं कर देता, तब तक कोई फ्रेंचाइजी कुछ नहीं कर सकती।”

उनके बगल में बैठे राव ने आगे कहा, “वह आ रहे हैं, बस क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी मिलने का सवाल है। वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की निगरानी में हैं। हम भी उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं।” राव और बदानी के साथ बैठे अक्षर से पूछा गया कि अगर स्टार्क एक अप्रैल को लखनऊ में खेले जाने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के लिए नहीं पहुंचते हैं, तो क्या वह टी. नटराजन को उनकी जगह खिलाने के लिए तैयार हैं।

अक्षर ने कहा, “इस समय इसका जवाब देना मुश्किल है। अगर स्टार्क को एनओसी मिल जाती है, तो वह शुरुआती मैच से पहले भी आ सकते हैं। हम उस जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। अगर वह नहीं आते हैं, तो जरूरी नहीं है कि हम बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जगह दूसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को ही टीम में शामिल करें।”

उन्होंने कहा, “यह टीम संयोजन का मामला है। नटराजन हालांकि बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और पूरी तरह फिट हैं।” नटराजन कंधे की चोट के कारण पिछले सत्र में सिर्फ दो मैच खेल पाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *