Russia North-Korea relation: तीसरी बार सत्ता की कुर्सी पर काबिज होकर किम जोंग उन ने एक बार फिर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। नॉर्थ कोरिया की राजनीति में उनकी पकड़ कितनी मजबूत है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें लगातार तीसरी बार देश की सबसे ऊंचे पद ‘स्टेट अफेयर्स कमीशन’ का चेयरमैन चुना गया है।
नॉर्थ कोरिया की कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रविवार को हुए सुप्रीम पीपुल्स असेंबली के पहले सेशन में किम को कमीशन के सबसे ऊंचे पद पर फिर से नियुक्त किया गया। 2016 में देश की टॉप पॉलिसी गाइडेंस बॉडी के तौर पर कमीशन बनने के बाद से यह उनका लगातार तीसरा टर्म है।
इस खास मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी दिलचस्पी दिखाई है, उन्होंने तुरंत बधाई संदेश भेजकर दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की उम्मीद जताई। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि आखिर पुतिन, किम जोंग उन के चीफ बनने पर इतने खुश क्यों हैं?
पुतिन ने किम को भेजा बधाई सन्देश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रेमलिन के टेलीग्राम चैनल पर संदेश जारी कर किम जोंग उन को दोबारा चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा- “प्रिय कॉमरेड किम जोंग उन, आपको ‘स्टेट अफेयर्स कमीशन’ के चेयरमैन के रूप में फिर चुने जाने पर मेरी दिल से बधाई स्वीकार करें।”
पुतिन ने यह भी कहा कि रूस, दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को मजबूत करने में किम के योगदान को बहुत अहम मानता है। उन्होंने भरोसा जताया कि मॉस्को और प्योंगयांग के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करते रहेंगे, जिससे दोनों के हित पूरे होंगे।
बता दें पिछले कुछ सालों में रूस और नॉर्थ कोरिया के रिश्ते तेजी से मजबूत हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 में दोनों देश आपसी रक्षा समझौता करने की तैयारी में हैं। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि नॉर्थ कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस का समर्थन करने के लिए सैनिक भी भेजे हैं। यही वजह है कि पुतिन गदगद नजर आ रहे हैं। वह इस मजबूत रिश्ते को और आगे बढ़ाना चाहते हैं।
किम की बहन किम यो-जोंग को कमीशन के सदस्य के पद से हटा दिया गया
कोरियन सेंट्रल न्यू एजेंसी (KCNA) ने कहा कि किम को 15वें ‘सुप्रीम पीपुल्स असेंबली’ (SPA) के पहले सेशन के पहले दिन स्टेट अफेयर्स कमीशन का फिर से प्रेसिडेंट बनाया गया।
खबर यह भी है कि किम यो-जोंग को स्टेट अफेयर्स कमीशन के सदस्य पद से हटा दिया गया है। वह पहले इस स्टेट अफेयर्स कमीशन का हिस्सा थीं, लेकिन अब जारी नई लिस्ट में उनका नाम नहीं है। किम यो-जोंग 2021 से इस कमीशन में काम कर रही थीं।
बता दें नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन ने 2011 में अपने पिता की मौत के बाद सत्ता संभाली थी और तब से देश पर शासन कर रहे हैं। यह देश 1948 में उनके दादा किम इल सुंग ने स्थापित किया था।
इससे पहले सुप्रीम पीपुल्स असेंबली (SPA) के लिए 687 प्रतिनिधि चुने गए। यहां 17 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों को हर क्षेत्र के लिए एक उम्मीदवार दिया जाता है, जिसे वे मंजूर या नामंजूर कर सकते हैं।
सरकारी मीडिया के अनुसार, इस चुनाव में नए प्रतिनिधियों (नए डेलीगेशन) को भारी समर्थन मिला। लगभग 99.93% वोट उनके पक्ष में पड़े, जबकि सिर्फ 0.07% लोगों ने विरोध किया। कुल मतदान भी करीब 99% रहा।




Kim Jong Un Re-elected as Chairman of State Affairs of North Korea — KCNA
