गुरुग्राम के फर्रुखनगर में सोमवार को अमर शहीदों की याद में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘वीर शहीद भगत सिंह युवा क्लब’ के तत्वावधान में आयोजित इस ‘इंकलाब जिंदाबाद यात्रा’ में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। यह यात्रा फर्रुखनगर (श्रीराम नगर) की अनाज मंडी से शुरू हुई। तिरंगा यात्रा अनाज मंडी से गाजे-बाजे और डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के साथ प्रारंभ हुई। हाथों में तिरंगा लिए युवा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यह यात्रा दिल्ली गेट, मेन बाजार और राजीव चौक से होकर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंची। विद्यालय में स्थित शहीद स्मारक पर युवाओं और पूर्व सैनिकों ने शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। देश की एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ ली आयोजकों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें शहीदों के बलिदान से प्रेरित करना है। यात्रा का समापन मिनी बाईपास स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर हुआ। शहीद भगत सिंह चौक पर युवाओं ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। तिरंगे को नमन करते दिखे लोग इस अवसर पर नरेश सहरावत ने घोषणा की कि अगले साल तक भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया। कई लोग तिरंगे को नमन करते दिखे। ये व्यक्ति मौजूद रहे कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, पार्षद देवेन्द्र कौशिक, रामबीर, नीरज सैनी, सोनू भारती, तरुण सैनी, शिवकुमार, परमजीत, अर्जुन, विहिप उपाध्यक्ष सुरेन्द्र लंबरदार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों नागरिक उपस्थित थे।


