पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी ठेका कर्मचारी यूनियन पंजाब ने सोमवार को राज्यभर के डिपो के सामने गेट रैलियां आयोजित कीं। इन रैलियों के माध्यम से शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी गई और साथ ही सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार नेताओं पर अवैध मामले दर्ज करके उन्हें जेलों में डालकर और विभागों का निजीकरण करके कर्मचारियों का शोषण कर रही है। गेट रैली को संबोधित करते हुए सरबजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि शहीद भगत सिंह भारत के महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नायक थे। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर अवैध रूप से मामले किए दर्ज भुल्लर ने बताया कि अतीत में किलोमीटर (निजी) बसों को न चलाए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर अवैध रूप से मामले दर्ज किए गए और उन्हें जेलों में डाला गया। उन्होंने दावा किया कि बैठकों में बार-बार यह साबित किया गया है कि किलोमीटर योजना वाली बसें घाटे का सौदा हैं। इसके बावजूद, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर अपने समर्थकों को लाभ पहुंचाने के लिए इन बसों को आम आदमी पार्टी का रंग देकर शुरू कर रहे हैं, जिससे विभाग को करोड़ों रुपये का सीधा नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों को जबरदस्ती जेलों में डालने का आरोप यूनियन ने आरोप लगाया कि नुकसान के सबूत पेश करने के बावजूद, संघर्षरत कर्मचारियों को जबरदस्ती जेलों में डाला गया और किलोमीटर योजना के लिए टेंडर जबरदस्ती खोले गए। अब अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए विभागों को लूटने हेतु और अधिक टेंडर जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अंग्रेज़ सिद्धू ने बताया कि पीआरटीसी में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन अभी तक जारी नहीं किया गया है। 25 मार्च को प्रधान कार्यालय के सामने होगा प्रदर्शन इसके विरोध में 25 मार्च को प्रधान कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। डिपो प्रधान हरतार शर्मा, बलकार गिल और मनदीप सिंह ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री और हर मंत्री विधानसभा सत्र के दौरान कहते हैं कि आउटसोर्स ठेकेदारों के जरिए कर्मचारियों को लूटा जा रहा है, जबकि ये ठेकेदार पिछली सरकार के मंत्रियों के पसंदीदा रिश्तेदार हैं।


