IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस में खींचतान! हार्दिक पंड्या से कहा कप्तानी छोड़ दें, जानें पूरा मामला

IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस में खींचतान! हार्दिक पंड्या से कहा कप्तानी छोड़ दें, जानें पूरा मामला

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस एक बार फिर आईपीएल 2026 सीजन में कागज पर खिताब की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही है। टीम में हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे स्‍टार की भरमार है, जबकि अन्‍य टीमें प्‍लेयर्स की चोटों से जूझ रही हैं। उम्‍मीद जताई जा रही है कि मुंबई 2020 के बाद से खिताब के सूखे को खत्‍म करेगी। लेकिन, 19वें सीजन से पहले भारत के पूर्व चयनकर्ता श्रीकांत ने इस टीम की कप्तानी को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान दिया है।

फैंस की नाराजगी के बाद हुआ था बदलाव

2024 में फ्रेंचाइजी में सबसे बड़ा बदलाव तब हुआ, जब हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटन्स से वापस आए और उन्होंने रोहित शर्मा से कप्तानी की बागडोर संभाल ली। यह बदलाव आसान नहीं था, फैंस की नाराजगी और मैदान पर संघर्षों के चलते टीम उस सीजन में आखिरी पायदान पर रही। अगले साल सुधार देखने को मिला, जब मुंबई प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन उनका सफर क्‍वालीफायर-2 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स से हार के साथ खत्म हो गया।

कप्तानी में संभावित बदलाव की सलाह

भारत के पूर्व चयनकर्ता श्रीकांत ने कप्तानी को लेकर चल रही बहस के बीच कप्तानी में संभावित बदलाव की सलाह दी है। उनका मानना ​​है कि सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्‍ड कप में जीत दिलाई है। उन्हें टीम की कमान सौंपी जानी चाहिए, ताकि यह देखा जा सके कि क्या इससे टीम की किस्मत बदलती है।

‘सूर्या को कप्‍तानी सौंपे, लेकिन घोषणा की जरूरत नहीं’

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें फिर से एक साथ आना होगा। फ्रेंचाइजी के मालिकों और टीम मैनेजमेंट को रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर स्थिति को फिर से ठीक करना होगा। उन्हें सूर्य से इस साल कप्तानी करने के लिए कहना चाहिए, ताकि यह देखा जा सके कि क्या किस्मत बदलती है? वे कभी भी सूर्य को कप्तान नियुक्त कर सकते हैं। उन्हें अभी इसकी घोषणा करने की जरूरत नहीं है।

‘सूर्यकुमार यादव ही सबसे सही विकल्प’

उन्होंने टीम के अंदर की असामान्य स्थिति पर भी रोशनी डाली और बताया कि कई विश्व कप विजेता कप्तान इस समय हार्दिक की कप्तानी में खेल रहे हैं। यह एक अजीब स्थिति है। हार्दिक एक अच्छे कप्तान हैं। लेकिन, अब उनके नेतृत्व में दो टी20 विश्व कप विजेता कप्तान खेल रहे हैं। यह उनके सिस्टम के अंदर की कोई आंतरिक नीति हो सकती है, जिसे उन्हें सुलझाना होगा। बाहर से देखने पर, जाहिर तौर पर सूर्यकुमार यादव ही सबसे सही विकल्प लगते हैं।

‘हार्दिक को खुद ही कप्तानी के लिए मना कर देना चाहिए’

श्रीकांत ने आगे कहा कि यह एक अजीब स्थिति है, क्योंकि हार्दिक ने रोहित और सूर्या की कप्तानी में खेलकर भारत को वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी। ऐसे में हार्दिक को खुद ही कप्तानी के लिए मना कर देना चाहिए और सूर्या को टीम की कमान संभालने देनी चाहिए। अगर हार्दिक खुद मैनेजमेंट से यह बात कह देते हैं, तो सारी समस्याएं सुलझ जाएंगी। उन्हें कहना चाहिए कि सूर्या को कप्तानी करने दो और मैं उनका साथ दूंगा। इस समस्या को सुलझाने का यही एक तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *