शाहजहांपुर में अंटा चौराहा के पास सड़क पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते दिख रहे हैं। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। शुरुआती विवाद गाली-गलौज से शुरू हुआ और जल्द ही मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष झगड़ा बंद करने को तैयार नहीं थे। वायरल वीडियो अंटा चौराहा का है, जो तक्षशिला स्कूल जाने वाले मार्ग पर स्थित है। इसी सड़क पर एक शराब का ठेका भी है। यह मार्ग अस्पताल और स्कूल होने के कारण छात्रों और मरीजों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अक्सर विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। शराब के ठेके के पास शाम के समय लोग बैठकर शराब पीते हैं, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट आम बात है। कई बार छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। लोगों ने इस शराब के ठेके को हटाने की मांग भी की है, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रही मारपीट कब हुई और इसमें शामिल लोग कौन हैं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।


