सतना में हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। कोलगवां थाना पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है। 26 फरवरी को धवारी गली नंबर-1 निवासी गंधर्व सिंह (21) बाइक से नए बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में धवारी के ही प्रयास सिंह बघेल और कृष्णकांत गौतम ने उनकी बाइक के सामने गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों ने गंधर्व पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंधर्व की पीठ पर 8 घाव आए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कृष्णकांत गौतम (26), निवासी सोनौरा, थाना रामपुर बाघेलान, हाल धवारी गली नंबर-1 को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी प्रयास सिंह बघेल की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


