IMD Orange Alert: राजस्थान में फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। सुबह से ही कई इलाकों में काले बादलों के साथ हल्की बूंदा-बांदी शुरू हुई। एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं सुबह 7 बजे से अगले 3 घंटे के लिए डबल अलर्ट जारी करते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट दिया है।
इन जिलों में आया डबल अलर्ट
राजस्थान में मौसम बदलने के बाद कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जयपुर, अलवर, भरतपुर, टोंक, झुंझुनू और सीकर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल देने की अपील की है।
वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, दौसा, बूंदी, अजमेर और नागौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की वर्षा के साथ कहीं-कहीं तेज हवाएं (30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे) चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ स्थानों पर हल्का बदलाव बना रह सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
25 मार्च से फिर होगी बारिश
रविवार को भी जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर और शेखावाटी के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ कुछ जगह हल्की बारिश हुई। वहीं बालोतरा के समदड़ी में रात करीब 8:30 बजे तेज बारिश के बाद ओलावृष्टि हुई। मौसम केन्द्र के अनुसार शेष अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 25 मार्च शेखावाटी इलाके में बारिश की संभावना जताई है। इधर रविवार को दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में रविवार को सबसे अधिक दिन का तापमान बाड़मेर में 35.2 डिग्री दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान (पारा डि.से. में)
सीकर-29.0
अलवर-29.2
श्रीगंगानगर-30.9
जयपुर-31.2
बीकानेर-31.5
जैसलमेर-32.2
अजमेर-32.4
चूरू-32.5
पाली-32.6
नागौर-32.9
जालोर-33.5
कोटा-34.0
जोधपुर-34.4
चित्तौड़गढ़-34.8
बाड़मेर-35.3


