कार में लगाई गई थी आग, पुलिस को मिले सबूत:BSF की ट्रेनिंग ले चुका है डॉक्टर, पूछताछ में तबीयत खराब होने का नाटक कर रहा

कार में लगाई गई थी आग, पुलिस को मिले सबूत:BSF की ट्रेनिंग ले चुका है डॉक्टर, पूछताछ में तबीयत खराब होने का नाटक कर रहा

सागर जिले के चनाटोरिया के पास शनिवार तड़के 4 बजे चलती कार में डॉक्टर की 38 वर्षीय पत्नी सीमा कुर्मी की जलकर हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच और जुटाए गए साक्ष्यों में सामने आया है कि डॉ. नीलेश कुर्मी ने कार में ज्वलनशील पदार्थ डालकर जानबूझकर आग लगाई थी। घटना के समय कार में डॉक्टर और उसके दो साथी रामकृष्ण व शुभम भी सवार थे, जो सुरक्षित बच गए। पुलिस ने डॉ. पति और उसके दोनों साथियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल डॉ. नीलेश पुलिस को अलग-अलग कहानियां सुनाकर गुमराह कर रहा है और पुलिस को पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। पूछताछ में नाटक कर रहा डॉक्टर हिरासत में लिए जाने के बाद डॉक्टर पति पुलिस को गुमराह कर रहा है। वह कभी पत्नी को हार्ट अटैक तो कभी सीने में दर्द उठने की बात कह रहा है। पुलिस के सख्ती करने पर वह खुद की तबीयत खराब होने, गैस बनने या घबराहट होने का बहाना बनाने लगता है। पुलिस ने डॉक्टर बुलाकर उसका चेकअप भी करवाया, लेकिन रिपोर्ट में उसे सामान्य बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार में मौजूद डॉ. के दो साथियों ने पुलिस को घटनाक्रम की कहानी बताई है, जिसमें कार में आग लगाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन बयानों की सत्यता जानने के लिए पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम की डिटेल रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत जलने से हुई है या फिर मौत के बाद उसका शव कार में जलाया गया है। डॉ. पति ने अब तक अपराध स्वीकार नहीं किया है। बीएसएफ की ट्रेनिंग ले चुका है शातिर डॉक्टर पूछताछ में सामने आया है कि डॉक्टर नीलेश बेहद शातिर है और वह कई वर्षों पहले बीएसएफ (BSF) की ट्रेनिंग भी ले चुका है। हालांकि, वह नौकरी करने नहीं गया और बाद में पढ़ाई कर डॉक्टर बन गया। वर्तमान में वह गढ़ाकोटा में क्लीनिक संचालित करता है। वारदात के दौरान कार में सवार रामकृष्ण और शुभम पटेल गढ़ाकोटा में डॉक्टर के घर किराए से रहते हैं और उसकी लैब में जांच सैंपल लाने-ले जाने का काम करते हैं। इसी का फायदा उठाकर नीलेश उन्हें पत्नी का इलाज कराने का बहाना देकर कार में साथ ले गया था। घटना के समय डॉ. नीलेश कार चला रहा था और उसके बाजू वाली सीट पर रामकृष्ण बैठा था। पीछे की सीट पर सीमा लेटी थी और शुभम उसका सिर अपनी गोद में रखे था। आग लगने पर ड्राइवर साइड के दोनों गेट लॉक हो गए, लेकिन डॉक्टर और उसके दोनों साथी सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्होंने सीमा को बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। 3 कहानियों से बढ़ा संदेह, बात करने को लेकर होता था विवाद डॉ. पति नीलेश और पत्नी सीमा के बीच शंका को लेकर अक्सर विवाद होते थे। करीब एक साल पहले हुए विवाद में नीलेश ने सीमा के साथ मारपीट भी की थी। नीलेश फोन पर बात करता था और देर रात घर लौटता था, जिसे लेकर सीमा शंका करती थी। पुलिस के अनुसार यही विवाद इस वारदात का कारण बना। घटना से पहले डॉ. नीलेश ने ससुर राधाचरण कुर्मी को फोन पर बताया था कि सीमा को हार्ट अटैक/सीने में दर्द है और उसे राय हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। मायके वाले जब जूना से निकले, तो रास्ते में नीलेश ने दोबारा फोन कर ट्रक द्वारा कट मारने की बात कही। कुछ देर बाद तीसरी बार फोन कर कार में आग लगने की जानकारी दी। इन्हीं तीन कहानियों ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया। घर से DVR जब्त, जली कार में CNG टैंक मिला सुरक्षित मामले में पुलिस टीम रविवार शाम डॉ. नीलेश को गढ़ाकोटा स्थित उसके घर लेकर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी जब्त किया है और मौजूद लोगों से पूछताछ की। शनिवार सुबह 4 बजे डॉक्टर की कार चनाटोरिया स्थित टोल नाके के सीसीटीवी में सागर की ओर जाती दिखी थी। वहां से करीब 500 मीटर दूर यह घटना हुई। घटनास्थल पर कार गढ़ाकोटा की ओर मुड़ी हुई मिली है। कार पूरी तरह जल चुकी है, लेकिन पीछे डिग्गी के पास लगे सीएनजी टैंक सुरक्षित हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद कार में छोटे-छोटे ब्लास्ट (बैटरी या टायर फटने के) हो रहे थे। एएसपी बोले- जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा कार्रवाई को लेकर एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि, “कार में आग लगने से हुई महिला की मौत के मामले में जांच की जा रही है। संदेह के आधार पर उसके पति और दो अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। कुछ साक्ष्य मिले हैं। जिनको लेकर मामले में जांच चल रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।” 3 तस्वीरें देखिए आग में धधकती कार…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *