औरैया के फफूंद रेलवे स्टेशन के पास डीएफसी ट्रैक पर रविवार शाम एक 30 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जैतपुर डेरा फफूंद निवासी दशरथ पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी इंचार्ज फफूंद अजीत कुमार और कस्बा इंचार्ज अरविंद अग्रवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए 100 शैय्या अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेजने की तैयारी शुरू की गई। साथियों से पूछताछ में सामने आई जानकारी
चौकी इंचार्ज अजीत कुमार के मुताबिक, मृतक के साथ मौजूद दो अन्य साथियों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वे देहरादून में कांवड़ियों के सामान की ठिलिया लगाने का काम करते हैं और कहीं जा रहे थे। इसी दौरान दशरथ बाथरूम करने के लिए रुका था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


