केसी त्यागी बोले- UP में जयंत चौधरी को मजबूत करूंगा:रालोद मेरी आत्मा, नीतीश मेरे 52 साल के मित्र, उनके जैसा कोई नहीं है

केसी त्यागी बोले- UP में जयंत चौधरी को मजबूत करूंगा:रालोद मेरी आत्मा, नीतीश मेरे 52 साल के मित्र, उनके जैसा कोई नहीं है

नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में करीब 2 दशक की सियासी पारी खेलने वाले केसी त्यागी ने रविवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का दामन थाम लिया। दिल्ली में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने केसी त्यागी, उनके बेटे अमरीश त्यागी को पार्टी जॉइन कराई। केसी त्यागी ने कहा, मैंने अपना राजनीतिक जीवन ही लोक दल से शुरू किया था। ये उसी का स्वरूप है, इसमें कुछ नया नहीं है। जदयू और रालोद में कोई फर्क नहीं है। एक दिन ऐसा भी था, जब नीतीश कुमार और चौधरी चरण सिंह एक पार्टी बनाने वाले थे। इन दोनों में कोई अंतर नहीं है। इस मौके पर ‘दैनिक भास्कर’ ने केसी त्यागी से खास बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘रालोद उनके मन से कभी गई नहीं थी। नीतीश कुमार के जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता। पश्चमी यूपी से कई बार मैंने चुनाव जीता है, अब पार्टी को और मजबूत करूंगा।’ पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: जदयू से रालोद…ये बदलाव का विचार कहां से आया? जवाब : मैंने रालोद, जदयू दोनों को कभी अलग नहीं माना। दोनों को हमेशा एक ही माना है। दोनों का घोषणा पत्र एक है। दोनों के एक ही नेता रहे हैं चौधरी चरण सिंह। दोनों का घोषणापत्र से लेकर उसका क्रियान्वयन एक है। मैं, जॉर्ज साहब (जॉर्ज फर्नांडिस) , शरद यादव और नीतीश कुमार… सभी लोग चौधरी चरण सिंहजी के लोकदल में रह चुके हैं। इसलिए मुझे नया नहीं लग रहा है। मैंने कभी स्वयं को लोकदल से अलग नहीं माना। मैं रालोद में न रहते हुए भी चौधरी चरण सिंह और रालोद के सवालों को विभिन्न माध्यमों से उठाता रहा हूं। सवाल: आपने कहा रालोद में पद की लालसा नहीं है?
जवाब: मैं चौधरी चरण सिंह, जॉर्ज फर्नांडीज, देवीलाल, बीपी सिंह, चंद्रशेखर, कर्पूरी ठाकुर सबके साथ पदाधिकारी रह चुका हूं। इसलिए किसी पद के लिए नहीं, बल्कि चौधरी चरण सिंह जी के जो छूटे हुए सवाल हैं, उनको मजबूती देने के लिए और जो उनकी परंपरा को लेकर चल रहे हैं, उन्हें मजबूती देने के लिए आया हूं। सवाल: 2027 में रालोद के साथ चुनावी रणनीति क्या होगी?
जवाब: हम आरएलडी को इतना मजबूत करना चाहते हैं, जयंत चौधरी को इतनी ताकत देना चाहते हैं, जैसी कभी चौधरी चरण सिंह के समय थी। डिसीजन मेकिंग में जयंत चौधरी की और लोकदल की महती भूमिका है। मैंने वेस्ट यूपी से 6 चुनाव लड़े हैं, वहां से चुनाव जीता भी हूं। वहां रालोद को पिछले समय की तरह मजबूत करना चाहता हूं। सवाल: नीतीश कुमार के साथ आपने लंबा वक्त गुजारा अब उनके लिए क्या कहेंगे?
जवाब: नीतीश कुमारजी मेरे 52 साल के मित्र हैं। मेरी उनके लिए-उनके बेटे के लिए हमेशा बहुत-बहुत शुभकामनाएं हैं। लेकिन नीतीश कुमार जैसा कोई नहीं है। यूपी के पूर्व मंत्री अशोक यादव भी रालोद में शामिल हुए
यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक यादव भी रविवार को अपने समर्थकों के साथ रालोद में शामिल हुए। अशोक यादव 2007-12 तक फिरोजाबाद में शिकोहाबाद सीट से विधायक रहे हैं, उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीता था। वे अपने राजनैतिक सफर के साथ 2019 में बलात्कार और जबरन वसूली जैसे गंभीर आपराधिक आरोपों और पुलिसिया कार्रवाई के कारण चर्चा में रहे थे। केसी त्यागी की ये खबर भी पढ़िए… ‘जयंत जी मुझे माफ करना, आपसे कोई पद नहीं चाहिए’ पश्चिमी यूपी के कद्दावर नेता केसी त्यागी ने रविवार को राष्ट्रीय लोकदल जॉइन कर लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने उनको सदस्यता दिलाई। दिल्ली में आयोजित एक किसान समृद्धि गोष्ठी में वे रालोद में शामिल हुए। जयंत चौधरी ने कहा- मैं केसी त्यागी को जन्म से देखता आ रहा हूं। वह अक्सर मेरे जन्मदिन से जुड़ा किस्सा भी सुनाते हैं। जब पार्टी में शामिल होने की बात हुई तो उन्होंने जरा भी देर नहीं की। आज एक बार फिर मुझे त्यागी जी के साथ काम करने का मौका मिला है। पढ़ें पूरी खबर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *