जयपुर | गोपालजी का रास्ता स्थित भगवान महावीर के प्राचीन मंदिर में रविवार को महामस्तकाभिषेक का आयोजन हुआ। राजस्थान जैन सभा, जयपुर के तत्वावधान में भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में यह आयोजन हुआ। आचार्य सुंदर सागर महाराज एवं आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ (32 पिच्छिका) के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में जयपुर सहित आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन और महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि मंदिर समिति के सहयोग से 217 वर्ष प्राचीन श्री दिगम्बर जैन मंदिर कालाडेरा (महावीर स्वामी) में तीसरी बार यह आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से 9:30 बजे तक अतिशयकारी खड्गासन प्रतिमा का 1008 कलशों से महामस्तकाभिषेक किया गया। महावीर जयंती समारोह के प्रधान संयोजक अशोक जैन और मुख्य संयोजक राकेश गोधा ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना के साथ भगवान की शांतिधारा की गई।


