IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत आईपीएल 2026 में एक बड़े बदलाव के साथ मैदान पर उतरने वाले हैं। खबर है कि इस सीजन में पंत तीसरे नंबर (No. 3) पर बल्लेबाजी करेंगे। पिछले सीजन में उन्होंने ज्यादातर चौथे नंबर पर बैटिंग की थी, लेकिन इस बार टीम और पंत दोनों अपनी रणनीति बदल रहे हैं। पंत के लिए यह सीजन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ ने उन्हें रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछला साल उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा। अब उन पर अपनी इस भारी-भरकम कीमत को सही साबित करने का भारी दबाव है।
टीम इंडिया में वापसी की आखिरी उम्मीद
28 साल के ऋषभ पंत फिलहाल भारतीय टेस्ट टीम के पक्के सदस्य हैं, लेकिन टी20 टीम से वह बाहर चल रहे हैं। 2024 वर्ल्ड कप जीत के बाद उन्होंने अपनी जगह गंवा दी थी। संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अगर पंत को भारत की टी20 योजनाओं में वापस आना है, तो उन्हें इस आईपीएल में कुछ ‘एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी’ करके दिखाना होगा।
बैटिंग ऑर्डर में बड़ा बदलाव | IPL 2026
पिछले सीजन के आखिरी कुछ मैचों में पंत तीसरे नंबर पर आए थे, लेकिन तब तक लखनऊ के लिए बहुत देर हो चुकी थी। इस बार कोच जस्टिन लैंगर और मैनेजमेंट ने पहले ही तय कर लिया है कि पंत ऊपर खेलेंगे। पंत के नंबर 3 पर आने का मतलब है कि निकोलस पूरन को नीचे बैटिंग करनी होगी। लखनऊ का टॉप ऑर्डर अब एडन मार्क्रम, मिचेल मार्श और ऋषभ पंत जैसा धाकड़ दिख रहा है। पंत ने पिछले साल 133.17 के खराब स्ट्राइक रेट से सिर्फ 269 रन बनाए थे (जिसमें एक 118 रनों की पारी शामिल थी)। इस बार उन्हें इन आंकड़ों को सुधारना ही होगा।
गेंदबाजी में सुधार और मयंक की वापसी
पिछले साल लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी थी। मयंक यादव और मोहसिन खान जैसे तेज गेंदबाज चोटिल थे। मयंक यादव अब फिट हैं और नेट्स पर पसीना बहा रहे हैं। टीम के पास अब आवेश खान और एनरिच नार्किया जैसे विकल्प भी हैं। लखनऊ अपना पहला मैच 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। फिलहाल टीम अपने घरेलू मैदान पर जमकर अभ्यास कर रही है।


