मेरठ में डॉक्टर के घर 65 लाख की चोरी:नकदी-जेवर गायब, पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली

मेरठ में डॉक्टर के घर 65 लाख की चोरी:नकदी-जेवर गायब, पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित समर गार्डन इलाके में एक डॉक्टर के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने मकान की छत पर बनी ममटी का गेट उखाड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी व जेवरात समेत करीब 65 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। समर गार्डन में हरी मस्जिद के पास रहने वाले डॉक्टर इदरीश ईद के दिन अपने परिवार के साथ एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर पर ताला लगाकर गए थे। रविवार को जब वह वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गए। कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। डॉक्टर इदरीश के अनुसार, घर में रखी करीब 25 लाख रुपये की नकदी और लगभग 25 तोले सोने के आभूषण चोरी हो गए। उन्होंने कुल नुकसान करीब 65 लाख रुपये बताया है। सूचना मिलते ही लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। मकान की छत पर पड़ताल करते समय, पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो स्कूटी सवार युवक घर से बैग ले जाते हुए कैद हो गए। पुलिस आशंका जता रही है कि इन्हीं बैगों में चोरी का सामान ले जाया गया है। पुलिस ने आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने के लिए आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में आसपास के रहने वाले एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *