सहारनपुर में ईद पर हुड़दंग मचाने पर एक्शन:5 बाइक और 2 ट्रक जब्त, बुलेट से पटाखे की आवाज निकालने वाले पर FIR

सहारनपुर में ईद पर हुड़दंग मचाने पर एक्शन:5 बाइक और 2 ट्रक जब्त, बुलेट से पटाखे की आवाज निकालने वाले पर FIR

सहारनपुर पुलिस ने ईद पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। चिलकाना थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने सात वाहनों को जब्त किया। इनमें एक बुलेट बाइक भी शामिल है, जिसके चालक पर पटाखेबाजी कर सार्वजनिक उपद्रव फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी अभिनन्दन के निर्देशों पर रविवार को कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। चिलकाना पुलिस ने सड़कों पर उतरकर ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे दोपहिया वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक सड़क पर पटाखे फोड़कर हुड़दंग मचाता पाया गया। उसकी इस हरकत से आम जनता को असुविधा हो रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में लिया और उसकी बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियान में तीन सवारी बैठाकर चल रही बाइको और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। कुल पांच बाइक जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त, दो ओवरलोड ट्रकों को भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से ईद जैसे पर्व पर हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने, पटाखेबाजी और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वालों में भय का माहौल है। अधिकारियों ने जनता से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है, साथ ही चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *