प्रतापगढ़ में पिकअप और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत हो गई। पिकअप हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई, जिससे ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मध्यप्रदेश के मंदसौर रेफर किया गया है। हादसा सुहागपुरा थाना क्षेत्र के कचोटिया गांव के झानिया पुल के पास चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे 56 पर दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ। एक ही बाइक पर बैठकर जा रहे थे सुहागपुरा थाना अधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया- हादसे में पीपलखूंट के डूंगला वाणी निवासी जीवन मीना (35), उसकी पत्नी चंपा (30) और मित्र गुड्डू मीना (26) की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। इनकी बाइक को बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ की ओर जा रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने टक्कर मार दी और खेत में उतरकर पलट गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल जीवन मीना, चंपा और गुड्डू मीना के साथ ही पिकअप ड्राइवर असलम खान (30) को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान जीवन, चंपा और गुड्डू की मौत हो गई। वहीं असलम को गंभीर हालत में मध्यप्रदेश के मंदसौर रेफर किया गया है। दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करवाया पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करवाया है। वहीं शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।


