हनुमान जी का गदा, त्रिशूल, चांदी का मुकुट चोरी:नर्मदापुरम में 3 मंदिरों में चोरी; लोग बोले- कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर जोर

हनुमान जी का गदा, त्रिशूल, चांदी का मुकुट चोरी:नर्मदापुरम में 3 मंदिरों में चोरी; लोग बोले- कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर जोर

नर्मदापुरम के रसूलिया स्थित साईं ग्रीन सिटी कॉलोनी में रविवार सुबह मंदिरों में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। कॉलोनी के तीन मंदिरों से चोर भगवान की पूजन सामग्री और धातु के सामान चुरा ले गए। सुबह जब रहवासी मंदिर पहुंचे तो हनुमान जी की गदा, मंदिर का कलश, चांदी का मुकुट और दान पेटी समेत कई वस्तुएं गायब मिलीं। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रहवासियों के अनुसार, चोरों ने कॉलोनी के देवी मंदिर, हनुमान मंदिर और शंकर मंदिर को निशाना बनाया। देवी मंदिर से दान पेटी, कलश, घंटा और पूजन सामग्री चोरी हुई। हनुमान मंदिर से हनुमान जी की गदा गायब मिली, जबकि शंकर मंदिर से त्रिशूल, दान पेटी, बड़ा घंटा, चांदी का मुकुट और अन्य सामग्री चोरी हुई। घटना के बाद कॉलोनी में हड़कंप की स्थिति रही और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। एएसआई दिनेश मेहरा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों मंदिरों का मुआयना किया गया। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की वारदात की पुष्टि हुई है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि मंदिरों में इस तरह की घटनाएं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया जा रहा है, तो कॉलोनी के घरों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बढ़ सकता है। सुरक्षा दुरुस्त की जाए। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले शहर के सर्किट हाउस घाट स्थित एक मंदिर से भी कलश चोरी का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वर्तमान मामले में भी पुलिस जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *