इंदौर के सांवेर रोड स्थित नरवल क्षेत्र में रविवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तत्काल दमकल दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्लास्टिक सामग्री से फैला घना काला धुआं फैक्ट्री में प्लास्टिक होने के कारण आग के साथ काफी धुआं फैल गया। आसपास के इलाके में काला धुआं फैलने से लोगों को परेशानी हुई। घटनास्थल के पास बने मजदूरों के क्वार्टर तक आग फैलने का खतरा बना रहा। एहतियात के तौर पर मजदूरों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाल लिया। दमकल टीम ने आग को फैलने से रोकने के लिए क्वार्टर की ओर से भी पानी डाला। आग बुझाने का काम लगातार जारी रहा।


