हरदा में ट्रक-डंपर की टक्कर में ड्राइवर की मौत:जेसीबी से दो घंटे बाद निकाला शव, महाराष्ट्र से शक्कर भरकर आ रहा था, लोगों ने बोरियां लूटी

हरदा में ट्रक-डंपर की टक्कर में ड्राइवर की मौत:जेसीबी से दो घंटे बाद निकाला शव, महाराष्ट्र से शक्कर भरकर आ रहा था, लोगों ने बोरियां लूटी

हरदा में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में 33 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। यह दुर्घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कांकरिया के पास हुई। ट्रक और डंपर की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ड्राइवर का शव केबिन में फंस गया, जिसे निकालने में दो घंटे लगे। सिविल लाइन थाना टीआई आर एस तिवारी ने बताया कि खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र की तिवारी कॉलोनी निवासी अजमल पिता सरदार बास्केल (33) महाराष्ट्र के कन्नड़ से शक्कर भरकर मंडीदीप जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे ग्राम कांकरिया के पास हरदा की ओर से रेत भरकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर (क्रमांक एमपी 47 जेड वी 3470) से उनके ट्रक की टक्कर हो गई। जेसीबी की मदद से 2 घंटे में निकाला शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शक्कर से भरा ट्रक ड्राइवर साइड से पूरी तरह पिचक गया, जिससे अजमल बुरी तरह उसमें फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। डंपर चालक दीपक पिता हरिकुश कुशवाहा को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक अजमल के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता सरदार बास्केल ने बताया कि अजमल उनके चार बेटों में सबसे बड़ा था और उसका एक तीन साल का बेटा है। घटना के बाद लोगों ने शक्कर की बोरियां लूटी
घटना के बाद अस्पताल के कुछ लोगों द्वारा रात के अंधेरे में ट्रक में रखी शक्कर की कुछ बोरियां उठाकर ले जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शक्कर की बोरियां ले जाना बंद हो गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *