राजस्थान में कम नामांकन वाले सरकारी स्कूलों के अस्तित्व पर एक बार फिर संकट मंडराने लगा हैं। राज्य सरकार अब ऐसे स्कूलों को बंद करने या नजदीकी स्कूलों में समायोजन करने की तैयारी में है, जहां छात्रों की संख्या बेहद कम है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अति-आवश्यक निर्देश जारी कर 15 से कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक और 25 से कम छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों का पूरा कच्चा-चिट्ठा तलब किया है। भीलवाड़ा जिले में 211 विद्यालय ऐसे हैं जिनमें इनकी संख्या कम है। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालयों की संख्या 4 है। इन 211 स्कूलों में कुल 2299 छात्रों का नामांकन है।
शाला दर्पण के आंकड़ों ने बढ़ाई धड़कन
निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार शाला दर्पण पोर्टल की 16 मार्च 2026 की रिपोर्ट को आधार बनाया गया है। इसमें राज्य के ऐसे सभी स्कूलों को चिह्नित किया गया है जहां प्राथमिक स्तर कक्षा 1-5 पर नामांकन 0 से 14 के बीच है और उच्च प्राथमिक कक्षा 1-8 में यह संख्या 0 से 24 के बीच है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन स्कूलों के स्थान पर अब नजदीकी बड़े स्कूलों जहां नामांकन पर्याप्त है का विवरण तैयार किया जाए।
मर्जर के कड़े नियम: ऐसे चुना जाएगा पड़ोसी स्कूल
विभाग ने स्कूलों के समायोजन के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी की है। नजदीकी स्कूल की दूरी किलोमीटर में देनी होगी। 3 किमी को 3 और 300 मीटर को 0.3 लिखना अनिवार्य। अगर दो स्कूल समान दूरी पर हैं, तो उच्च स्तर वाले स्कूल को प्राथमिकता मिलेगी। केवल उन्हीं स्कूलों में मर्ज किया जाएगा जिनका भवन सुरक्षित हो। यदि रास्ते में कोई बाधा जैसे नहर, हाईवे, जंगल या रेलवे लाइन है, तो उसकी स्पष्ट जानकारी देनी होगी।
फर्जी नामांकन पर पैनी नजर
सरकार को अंदेशा है कि स्कूल बचाने के चक्कर में कई जगह फर्जी नामांकन दिखाए जा सकते हैं। आदेश में साफ चेतावनी दी गई है कि जिन स्कूलों में अचानक नामांकन में उछाल आया है, उनकी जांच प्रक्रियाधीन है। यदि नामांकन बढ़ाने का फर्जी प्रयास पाया गया, तो संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल, संस्कृत शिक्षा के स्कूल और आवासीय विद्यालयों को इस मर्जर प्रक्रिया की प्रविष्टि से फिलहाल बाहर रखा गया है।
भीलवाड़ा जिले की स्थिति
ब्लॉक स्कूल नामांकन
- आसींद 17 165
- बनेड़ा 11 126
- बिजौलियां 13 129
- हुरड़ा 6 74
- जहाजपुर 23 313
- करेड़ा 25 236
- कोटड़ी 16 155
- मांडल 11 124
- मांडलगढ़ 18 218
- रायपुर 15 151
- सहाड़ा 16 165
- शाहपुरा 10 112
- सुवाणा 30 331
- कुल 211 2299


