प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के आईसीयू वार्ड नंबर आठ में शनिवार देर रात वेंटिलेटर के प्लग में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से हड़कंप मच गया। वार्ड में 10 से 12 मरीज भर्ती थे, लेकिन डॉक्टरों की तत्परता से कोई हताहत नहीं हुआ। रात करीब ग्यारह बजे एक मरीज के वेंटिलेटर प्लग से तेज स्पार्क निकला और बोर्ड में आग लग गई। देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों और स्टाफ ने आनन-फानन में सभी मरीजों को पास के वार्ड नंबर सात में शिफ्ट कर दिया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल गाड़ी एफएसओ राजेश चौरसिया के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक स्टाफ ने आग पर काबू पा लिया था। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि रात में कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी। एसआरएन चौकी प्रभारी आनंद यादव ने कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीके पांडेय ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से प्लग में आग लगी, जिससे धुआं फैल गया। एहतियातन फायर ब्रिगेड बुलाई गई। कुछ ही मिनटों में स्थिति नियंत्रित हो गई। सभी मरीज सुरक्षित हैं।


