जालंधर | किशनपुरा चौक मार्किट में व्यापारी कमीशन की ओर से बैठक की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को समझना और बाजार के बेहतर संचालन के लिए ठोस कदम उठाना था। व्यापारियों ने अपनी समस्याएं कमीशन के सामने रखीं। इस दौरान बाजार में पार्किंग की कमी, सफाई व्यवस्था और ट्रैफिक जाम जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए गए। व्यापारी कमीशन के सदस्यों और उपस्थित अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि इनका समाधान करने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर जल्द कार्रवाई की जाएगी। चेयरमैन इंद्रवंश चड्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा और उन्हें बेहतर कारोबारी माहौल देने के लिए प्रयास कर रही है। बैठक में अमित ढल्ल पार्षद, सुखविंदर सिंह चेयरमैन, नॉर्थ ट्रेड कमीशन सहित प्रशासन, जीएसटी, पीएसपीसीएल, नगर निगम के अधिकारी और ट्रेड कमीशन नॉर्थ के सदस्य सूरज, कुनाल खन्ना, वरिंदर कुमार, दीपक सेठ और आकाश दीप मौजूद रहे।


