हादसे में बाइक सवार की मौत, एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा शव

हादसे में बाइक सवार की मौत, एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा शव

भास्कर न्यूज| जालंधर जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर चहेड़ू बेई पुल के पास एक कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जालंधर निवासी विशपाल (32) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। वहीं, घटना के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अमनदीप सिंह ने बताया कि वे ब्यास की तरफ से आ रहे थे, तभी उन्होंने एक युवक को सड़क पर गिरा हुआ देखा। उन्होंने कहा कि उस समय कोई भी घायल की मदद के लिए आगे नहीं आया, करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर मदद शुरू की और तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स को हादसे की सूचना दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका है कि कार चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन को युवक के ऊपर से निकाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *