लोकगीत और डीजे की धुन पर सजी-धजी गणगौर की सवारी

लोकगीत और डीजे की धुन पर सजी-धजी गणगौर की सवारी

श्रीगंगानगर। शहर में गणगौर पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी लोक मंगल गीतों और आधुनिक डीजे की धुनों के बीच सवारी निकालकर श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। पंजाबी और हरियाणवी गीतों की धूम ने पूरे माहौल को और भी रंगीन बना दिया। शहर का मुख्य कार्यक्रम सनातन धर्म महावीर दल मंदिर में आयोजित किया गया। अलग-अलग परिवारों की पारंपरिक पोशाक में सजी-धजी ईसर-गणगौर की सवारी जब मंदिर परिसर में पहुंची, तो भव्य स्वागत किया गया। लोकगीतों और मंगलगान के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। महावीर दल मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जयकिशन सिंगल ने बताया कि मंदिर परिसर जहां कभी प्राचीन कुआं हुआ करता था, वहीं पूजन की रस्म अदायगी की गई। इस अवसर पर कई प्रमुख परिवारों की सवारी शामिल रही, जिनमें सेठ लच्छीराम गीदड़ा परिवार, दादी बामणी परिवार के श्यामलाल शर्मा, आदराम नौखवाल परिवार, बीकानेर गौरवजा समिति, पूनमचंद बिस्सा पुरानी आबादी परिवार और मन्नू शर्मा परिवार शामिल थे।

सुमन मोदी बनी मिसेज गणगौर

सनातन धर्म महावीर दल मंदिर समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। कार्यक्रम संयोजक मंजू गर्ग ने बताया कि मिसेज गणगौर प्रतियोगिता में सुमन मोदी प्रथम और भारती डाबी द्वितीय स्थान पर रही। पंक्चुअल गणगौर प्रतियोगिता में नवश्री अग्रवाल प्रथम और बरखा आसेरी दूसरे स्थान पर रहीं।नृत्य प्रतियोगिता में जान्वी, शिल्पा, वंदना कंवर, गरिमा सिंगल, रेणु स्वामी, देव्यांशी, जन्नत और प्रिंयका ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा रोचक गेम्स और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से महिलाओं को पुरस्कार देकर उत्साह बढ़ाया गया। संस्था के अध्यक्ष श्रीकृष्णलीला ने आयोजकों और पुलिस प्रशासन की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *