रानगिर बम ब्लास्ट, बम रखवाने वाला पकड़ाया, रखने वाला फरार

रानगिर बम ब्लास्ट, बम रखवाने वाला पकड़ाया, रखने वाला फरार

mp news: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बूढी रानगिर मंदिर के पास साउंड सिस्टम में हुए ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का एक साथी अभी भी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। साउंड सिस्टम में हुए ब्लास्ट में एक बच्ची सहित 3 लोग घायल हुए थे। बच्ची को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया था जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था ।

बम रखवाने वाला पकड़ाया

बूढी रानगिर में साउंड सिस्टम रखकर विस्फोट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम गोलू उर्फ इमरत पटेल है। आरोपी ने अपने ससुराल वालों को फंसाने के लिए यह विस्फोटक बम वहां रखा था, लेकिन अभी तक पुलिस उसके सहयोगी नीलेश रैकवार तक नहीं पहुंच सकी है। जिसने यह बम असेम्बल किया था। आरोपी गोलू ने विस्फोट में उपयोग किए गए डेटोनेटर को देवरी से खरीदा था। आरोपी ने बताया कि वह पहले एक माइनिंग कंपनी में काम कर चुका है, जिसके चलते उसे विस्फोटक सामग्री बनाने की जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल करते उसने डेटोनेटर जैसा बम बनाया और ब्लूटूथ स्पीकर में फिट कर दिया था। स्पीकर को एक 11 साल की बच्ची ने फोन से कनेक्ट किया, तभी जोरदार धमाका हो गया।

नवरात्रि से एक दिन पहले हुआ था ब्लास्ट

बता दें कि नवरात्रि से ठीक एक दिन पहले रानगिर मंदिर के पास साउंड सिस्टम में ब्लास्ट हुआ था। इस घटना में एक 11 साल की बच्ची और उसके नाना-नानी घायल हुए थे। जिनमें से बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया था। जहां बच्ची के दोनों हाथों का ऑपरेशन हुआ, उसके एक हाथ का अंगूठा और उंगली काटी गई है। हथेली भी बुरी तरह जख्मी है। इस ब्लास्ट से पहले आरोपी ने मंदिर के पुजारी को एक फर्जी मैसेज भी भेजा था, जिसमें उसने अपनी पत्नी के भाइयों के नाम लिखे थे। आरोपी की प्लानिंग थी कि ब्लास्ट के बाद पत्नी के भाइयों को आरोपी बनाकर गिरफ्तार करा दिया जाए, जिससे उसकी पत्नी वापस उसके पास लौट आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *